पहली बार बने वार्ड में ममता रावत और राजेश रावत ने सपा का कीर्तिमान किया स्थापित,भाजपा को करारी शिकस्त देकर समाजवादी झण्डा फहराया

Politics उत्तर प्रदेश

लखनऊ। बक्शी तालाब विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के दो नये बने वार्डों में सायकिल ने पकड़ी रफ्तार। पहला मल्हौर भरवारा वार्ड से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी ममता रावत को 5505 वोट हासिल हुए। सादगी की प्रतिरूप ममता रावत ने यहाँ भाजपा के राजेश रावत को 583 वोटों से पराजित कर जीत का परचम लहराया। समूचे वार्ड को बड़ी बारीकी से समझने वाली सपा प्रत्याशी को जनता ने दिल खोल कर अपना आशीर्वाद दिया। वार्ड में पार्टी के प्रभारी रहे जिला सचिव सुरेश यादव ने बताया कि यह जीत वार्ड की सम्पूर्ण जनता की है।

नया वार्ड बनने से पूर्व ही यहाँ अलग अलग पार्टी से लोग ताल ठोंकने के लिये कूद पड़े थे लेकिन परिसीमन में यह सुरक्षित सीट हो जाने से कईयों के मंसूबे जरूर ध्वस्त होते देखे गये। सपा नेता गौतम रावत की धर्म पत्नी ममता रावत को पार्टी ने जैसे ही उम्मीदवार घोषित किया उसके बाद पार्टी पदाधिकारियों ने वार्ड में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी।

ममता रावत ने क्षेत्र में ना दिन देखा और ना रात वह लगातार जनता के बीच जाती रही और जनता ने भी उनको खूब सहयोग किया। जीत का प्रमाणपत्र लेकर वह सीधे अपने समर्थकों के साथ सपा मुखिया अखिलेश यादव से मिलने पहुंची और उनका भी आशीर्वाद प्राप्त किया।

वहीं दूसरी तरफ नये बने वार्ड खरगापुर सरसवां में भी खूब चली सायकिल और यहाँ सपा के राजेश रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अशोक गौतम को 792 वोटों से पराजित कर समाजवादी पार्टी का झण्डा लहराया। इस वार्ड में पार्टी के प्रभारी रहे पूर्व प्रधान फारुख ने बताया कि यहाँ हर वोटर ही समाजवादी पार्टी का सिपाही बन कर कार्य कर रहा था। क्षेत्रीय पूर्व विधायक राजेंद्र यादव की सराहना करते हुए उन्होंने बताया कि उनका इस वार्ड में लोगों से वोट मांगना हम सभी के लिये आक्सीजन का काम हो गया। वहीं दूसरी तरफ नव निर्वाचित पार्षद राजेश रावत भी अपनी जीत को जनता की जीत मानते हैं उनके मुताबिक जनता ने उन्हें पूरा खुलकर सहयोग किया जिसके परिणाम आज सामने दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब जनता की सेवा करना ही उनका सर्व प्रथम धर्म है।

इस अवसर पर उनके साथ आदित्य यादव, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष चिनहट संतोष यादव, मों इरफान, शिव प्रकाश, रामभरोसे, अच्छेलाल , मुलायम यादव, पूर्व प्रधान रामवती और राजेश यादव सहित कई प्रमुख नेतागण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *