2027 चुनाव के लिए कांग्रेस का संगठन मजबूती को लेकर 100 दिवसीय अभियान का एलान

Politics उत्तर प्रदेश

कांग्रेस में है भाजपा को सत्ता से बाहर करने की क्षमता – अविनाश पांडे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कमर कसने का काम शुरू कर दिया है। कार्यकर्ताओं में जोश भरने तथा संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए शनिवार को गांधी भवन (प्रेक्षागृह कैसरबाग ) में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राष्ट्रीय तथा प्रदेश के लगभग सभी नेता शामिल हुए। कार्यशाला में कांग्रेस नेताओं ने 2027 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने का संकल्प लेते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत कर प्रत्येक जनपद में पार्टी का वार रूम स्थापित करने का सुझाव रखा। जातीय जनगणना को लेकर कांग्रेस नेता सांसद राहुल गांधी के संकल्प को पूरे प्रदेष में मजबूती से रखने पर भी जोर दिया गया। इसके पूर्व सभी नेताओं ने पाकिस्तान संघर्ष में शहीद सैनिकों तथा पहलगाम में मारे गये भारतीय सैलानियों के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश अविनाश पाण्डेय ने कहा कि हमें अगले 100 दिनों में संगठन सृजन पूर्ण कर लेना है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं को 5 स्तरीय (जिला, ब्लाक, मंडल, न्याय पंचायत, बूथ) तक संगठन निर्माण कर अंतिम व्यक्ति तक कांग्रेस के गौरवशाली विरासत का संदेश पहुंचाना है और पार्टी की पुनः सत्ता में वापसी करानी है। हमारा कार्यकर्ता 2027 में कांग्रेस सरकार बनाने के लिए तैयार है। 2027 का चुनाव हमारे लिए और प्रदेश के लिए बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है, जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है ।

अविनाश पाण्डेय ने कहा कि संगठन को और अधिक गतिशील बनाने के लिए मंडल कमेटी व न्याय पंचायत कमेटियों का भी गठन किया जाएगा इसके साथ ही बीएलए-1 तथा बीएलए-2 की नियुक्ति भी की जाएगी जो मतदाता सूची पर कार्य करेंगे। जिले के अन्तर्गत कानूनी सलाह शिविर का निर्माण किया जायेगा, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

कार्यशाला को सम्बोधित करते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी देशहित में एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं, जिससे घबराई हुई भाजपा सरकार उन्हें रोंकने के लिए लगातार साजिशें कर रही है लेकिन कांग्रेसजन आपने नेता की इस लड़ाई को जमीनी स्तर पर लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ ने कहा कि जननायक राहुल गांधी एक मजबूत संकल्प के साथ संघर्ष की राह पर निकल पड़े हैं। उनके नेतृत्व में हम 2027 में एक नई इबारत लिखेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों को पावर प्वाइंट प्रिजेन्टेशन के जरिए मीडिया के कई पहलुओं से अवगत कराते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और संघ दिन भर फेक न्यूज फैलाने का काम करते रहतंे हैं नित नये नरेटिव गढ़ते रहते हैं। इतिहास से छेड़छाड़ कर सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने का काम करते हैं। हमें इस झूठ से लड़ना है और अपनी सांझी विरासत को जनता तक पहुंचाना है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी वॉर रूम के चेयरमैन, सांसद शशिकांत सेंथिल ने बूथ लेवल तक संगठन सृजन किस प्रकार से किया जाए इस पर गहरी चर्चा करते हुए कहा कि वॉर रूम सिर्फ एक बूथ लेवल तक संगठन सृजन का साधन नहीं है बल्कि हम इसे एक कनेक्ट सेंटर के रूप में विकसित करेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि आज के युग में सोशल मीडिया जनता तक अपनी आवाज पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों से टीवीटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यमों से आम जनमानस से जुड़कर पार्टी की नीतियों को तथा भाजपा के कुशासन का सच उन्हें बताने का सुझाव दिया।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की चेयरमैन अलका लांबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही महिला हितों की पक्षधर रही है। हम नारी न्याय के समर्पित पार्टी हैं। श्रीमती लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान को बड़ी सफलता मिली है और पूरे देश में लाखों महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन, सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 15 दिनों के भीतर अल्पसंख्यक कांग्रेस उत्तर प्रदेश का एक नया चेयरमैन नियुक्त किया जायेगा साथ ही 100 दिनों के भीतर विधानसभा स्तर तक अल्पसंख्यक कांग्रेस अपना संगठन खड़ा करेगी। प्रतापगढ़ी ने कहा कि भाजपा ने भ्रम फैलाया है कि अल्पसंख्यक का मतलब सिर्फ मुसलमान है जबकि सच यह है कि अल्पसंख्यक वर्ग में ईसाई, बौद्ध, सिक्ख, जैन सभी आते हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, सह प्रभारी उत्तर प्रदेश धीरज गुर्जर, राजेश तिवारी, सत्यनारायण पटेल, नीलांशू चतुर्वेदी, तौकीर आलम, प्रदीप नरवाल एवं विधायक वीरेन्द्र चौधरी ने भी कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों को सम्बोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *