2024 लोकसभा चुनाव में हार का डर सताने लगा है मोदी जी को,उनकी हार निश्चित है-अलका

Politics उत्तर प्रदेश

जयंत पर अलका लांबा ने कसा तंज, कहा- भारत रत्न के लिए किसी समझौते की ज़रूरत नहीं

लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2024 की उल्टी गिनती लगभग शुरू हो गई है। चुनाव आयोग किसी भी समय अधिसूचना जारी कर सकता है ऐसे में सियासी पार्टियों में गतिविधियां बढ़ने लगी है। कांग्रेस पार्टी के लिए यह चुनाव एक प्रकार से करो या मरो की स्थिति पैदा हो गई है। 2022 के उप्र विधानसभा चुनाव में “मैं लड़की हूं लड़ सकती हूं” के नारे के साथ महिला शक्ति को धार देने वाली कांग्रेस पार्टी एक बार पुनः महिलाओं के ज्वलंत मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतरने की योजना बना रही है। इसी योजना की संरचना बताने के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने उप्र कांग्रेस कार्यालय में महिला कार्यकारिणी की एक अहम बैठक आयोजित किया। इसके पूर्व अलका लांबा ने प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया। प्रेसवार्ता से पूर्व ही अलका लांबा ने कहा कि मेरे उपर उप्र की योगी सरकार चाहे तो एक और एफ़आईआर दर्ज कर सकती है लेकिन सच बोलने से मुझे कोई सरकार रोक नहीं सकती। 16 राज्यों में तूफ़ानी दौरा कर उप्र की राजधानी पहुंची अलका लांबा ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी एक विज़न वाले नेता हैं और उनका विज़न है कि देश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अन्याय, अत्याचार, भेदभाव को अब समाप्त करने का समय आ गया है। उन्होंने महिलाओं के लिए राहुल गांधी द्वारा जारी किये गए पांच बिंदुओं नारी न्याय, युवा न्याय, भागीदारी न्याय, किसान न्याय तथा श्रमिक न्याय पर फ़ोकस करने की बात पर विशेष ज़ोर दिया।

श्रीमती लांबा ने कहा कि भाजपा जिस तरह से अपने दुष्कर्मी नेताओं को बचा रही है, उससे उसका महिला विरोधी चेहरा उजागर होता है। भाजपा के दुष्कर्मी नेताओं का पोस्टर जारी करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाली बेटियों का शोषण करने वाले बृजभूषण शरण सिंह को सरकार का पूर्ण संरक्षण प्राप्त है। इसी तरह से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, पूर्व भाजपा विधायक रामदुलारे गौर, भाजपा नेता पदम राजन, कन्हैयालाल मिश्रा, पूर्व सांसद चिन्मयानंद, पूर्व मंत्री संदीप सिंह सैनी जैसे भाजपा से जुड़े और महिलाओं के प्रति अपराध में संलिप्त नेताओं को भी भाजपा का आर्शीवाद और संरक्षण मिल रहा है।

स्ंसद में पीएम मोदी द्वारा 370 का आंकड़ा पार करने पर अलका लांबा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी जी का संसद में राजनीतिक भाषण संसद की गरीमा के विरूद्ध है। उन्होंने कहा कि जिस आंकड़े को 2024 के लोकसभा चुनाव में पार करने की बात मोदी जी कर रहे हैं दरअसल इसके पीछे उनका डर छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि इंडिया आलयंस को 300 के लगभग सीटें मिलना निश्चित है और भाजपा की हार तय है। देश के पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिये जाने पर श्रीमती लांबा ने कहा कि वे किसानों के बड़े नेता थे और भारती रत्न के योग्य थे। हमारी पार्टी इसका स्वागत करती है लेकिन आरएलडी नेता जयंत चौधरी पर तंज़ कसते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के लिए जयंत चौधरी को भाजपा से समझौता करने की ज़रुरत नहीं थी। ऐसा लगता है कि वह भारत रत्न एक समझौते के तहत मिला है। अलका लांबा ने जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि चैधरी चरण सिंह किसानों के भगवान माने जाते हैं, लेकिन आपने लोगों को सन्देश दिया कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न भाजपा से समझौते के तहत मिला है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव शामीना शफीक़, राष्ट्रीय सचिव प्रभारी मध्य ज़ोन विद्या नेगी, आगरा ज़ोन प्रभारी संगीता गर्ग, उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी मध्य ज़ोन की अध्यक्ष ममता चौधरी, पूर्वी की अध्यक्ष शहला अहरारी, बुन्देलखण्ड ज़ोन की अध्यक्ष करिश्मा ठाकुर, आगरा ज़ोन की अध्यक्ष ममता राजपूत मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *