जहरीली शराब कांड में सपा विधायक रमाकांत यादव का आया, नाम

Crime Politics उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

आजमगढ़। विधानसभा चुनाव के दौरान फरवरी 2022 में हुए जहरीली शराब कांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के विधानसभा क्षेत्र में हुए इस कांड में शराब बाहुबली के भांजे रंगेश के ठेके से जरूर बेची गयी थी लेकिन इस कांड में रमाकांत यादव पर शिकंजा कस रहा है। पुलिस जांच कर रही कि किसकी संरक्षण में यह कारोबार चल रहा था। पुलिस ने विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर रमाकांत यादव का नाम मुकदमें में शामिल कर लिया है। अब पुलिस रमाकांत यादव को रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है। अब इस मामले में कुल 14 आरोपी बन चुके हैं। इसमें 3 पर गैंगस्टर, तीन पर एनएसए की कार्रवाई की जा चुकी है जबकि तीन के खिलाफ गैंगस्टर की संस्तुति डीएम को भेजी गई है। बता दें कि विधानसभा चुनाव के दौरन 21 फरवरी 2022 को अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल नगर पंचायत में बाहुबली विधायक रमकांत यादव के भांजे रंगेश यादव के सरकारी देशी शराब के ठेके पर जहरीली शराब बेची गयी थी। जिसके सेवन के बाद मौत का सिलसिला शुरू हो गया था। इस जहरीली शराब कांड में 12 से अधिक लोगों की मौत हो गई तो कईयों के आंख की रोशनी चली गयी थी। वहीं दर्जनों को कई अन्य तरह की परेशानियां झेलनी पड़ीं थी। घटना के अगले ही दिन माहुल से कुछ ही दूरी पर तीन आलीशान मकानों में दवा लाइसेंस के नाम पर संचालित हो रहे अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ पुलिस द्वारा किया गया था। जहां से भारी मात्रा में जहरीली शराब बरामद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अहरौला थाने में रंगेश यादव सहित 13 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए रंगेश यादव व दो सगे भाइयों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी। पुलिस यही नहीं रूकी बल्कि गैंगस्टर के तहत आरोपियों की संपत्ति भी कुर्क करने की कार्रवाई की।
पिछले दिनों तीन अभियुक्तों मो. नईम, मो. फहीम व शाहबाज के खिलाफ रासुका लगाई गयी थी। सभी आरोपी जेल में बंद हैं। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दिया है। इस मामले की विवचना अभी जारी है। अब इस पूरे खेल में बाहुबली रमाकांत यादव की संलिप्ता की पुष्टि हुई है। इसके बाद रमाकांत का नाम भी मुकदमें में शामिल कर लिया गया है। रमाकांत यादव से पूछताछ के लिए अब पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की छानबीन कर रही है। जहरीली शराब कांड में रमाकांत यादव की संलिप्तता पाई गयी है। रमाकांत यादव के खिलाफ पुख्ता सुबूत मिले हैं। पुलिस न्यायालय से रिमांड की कोशिश कर रही है। आगे भी अगर इसमें शामिल लोगों का नाम सामने आता है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *