


आजमगढ़। थाना कप्तानगंज क्षेत्र में अपहरण कर जबरन जमीन का बैनामा कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वादी श्री विष्णु यादव पुत्र स्व. रामकेवल यादव निवासी ग्राम लछेहरा पोस्ट मेहमौनी थाना कप्तानगंज ने 8 फरवरी 2026 को लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 19 जनवरी 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे आरोपियों ने उन्हें जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने घर ले गए और एक कमरे में बंद कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनका आधार कार्ड लेकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी करीब 8 बिस्वा जमीन मात्र दो लाख रुपये में जबरन बैनामा करा लिया। यह धनराशि उनके एसबीआई खाते में ट्रांसफर की गई तथा डेढ़ लाख रुपये का फर्जी चेक भी दिया गया। विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में थाना कप्तानगंज पर मु0अ0सं0 41/2026 धारा 140(1), 127(2), 351(3), 352 बीएनएस व 138 एनआई एक्ट के तहत जय प्रकाश यादव उर्फ गोलई तथा गुड्डू यादव के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। 23 फरवरी 2026 को उ0नि0 ओम प्रकाश दूबे मय हमराह टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त गुड्डू यादव पुत्र सुरेश यादव निवासी ग्राम कादीपुर हरिकेश थाना कप्तानगंज को सुबह करीब 9:15 बजे मेहमौनी भितरी मार्ग स्थित मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास, डकैती की तैयारी, आयुध अधिनियम तथा एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 ओम प्रकाश दूबे, का0 सद्दाम हुसैन एवं का0 राकेश कुमार शामिल रहे।




