आजमगढ में राजनीतिक गीत बजाने पर शिक्षक निलंबित 

Politics उत्तर प्रदेश

घटना से राष्ट्रीय पर्व का हुआ अपमान, राष्ट्र के सम्मान के खिलाफ-विनोद राजभर, भाजपा जिलाध्यक्ष

आजमगढ़। जिले के कोयलसा ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय मगरुपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक राजनीतिक दल विशेष का गीत बजाने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सहायक अध्यापक सुनील कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है। भाजपा के लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

घटना का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें बच्चे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाने की बात वाले गीत पर नाचते-गाते दिखे। वीडियो में सहायक अध्यापक सुनील कुमार यादव मंच से तालियाँ बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। इस वीडियो के वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।

लालगंज के भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने इस घटना को राष्ट्रीय पर्व का अपमान और राष्ट्र के सम्मान के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा, “स्वतंत्रता दिवस का उद्देश्य महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करना है। बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाना घोर अनुशासनहीनता और निंदनीय कृत्य है। इस दिन भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल और चंद्रशेखर आज़ाद जैसे महापुरुषों की जयकार होनी चाहिए थी, न कि किसी राजनीतिक व्यक्ति का प्रचार।

उन्होंने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने शिकायत को तत्काल संज्ञान में लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप सहायक अध्यापक सुनील कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि वीडियो फुटेज की जांच के बाद अन्य दोषी शिक्षकों पर भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *