घरेलू गैस की अगली बुकिंग ग्रामीण क्षेत्र में 45 और शहर में 25 दिन बाद, अफवाहों से बचें, आजमगढ़ में गैस व पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं: डीएम



घरेलू गैस की अगली बुकिंग ग्रामीण क्षेत्र में 45 और शहर में 25 दिन बाद, अफवाहों से बचें, आजमगढ़ में गैस व पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं
आजमगढ़। जिले में घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ ईंधन की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं की सुविधा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद में घरेलू गैस, डीजल व पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि घरेलू गैस सिलेण्डरों की डिलीवरी केवल गैस बुकिंग के सापेक्ष ही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रशासन द्वारा आने वाले दिनों में निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी भी स्थान पर घरेलू गैस का अनधिकृत वितरण पाया गया तो संबंधित गैस एजेंसी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को अपने कॉल सेंटर सक्रिय रखने और उपभोक्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई उपभोक्ता ई-केवाईसी के लिए संपर्क करता है तो उसकी प्रक्रिया तुरंत पूरी कराई जाए। साथ ही बताया गया कि सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे। उपभोक्ताओं को यह भी निर्देशित किया गया कि गैस बुकिंग के बाद प्राप्त डीएसी (Delivery Authentication Code) नंबर के माध्यम से ही सिलेण्डर की डिलीवरी लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
डीएम ने जनपद के गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि आजमगढ़ में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल कंपनियों के माध्यम से गैस एजेंसियों को नियमित रूप से सिलेण्डर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उपभोक्ता आईओसीएल के 8454955555, बीपीसीएल के 7715012345 व 771801234 तथा एचपीसीएल के 9493602222 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर गैस बुकिंग कर सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी सीमा सिंह ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार गैस सिलेण्डर डिलीवरी की तिथि से अगली बुकिंग का अंतराल ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन निर्धारित किया गया है। बिना बुकिंग और डीएसी के किसी भी उपभोक्ता को सिलेण्डर की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनसे शीघ्र प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई।
बैठक में जनपद में डीजल और पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और ऑयल कंपनियों द्वारा रिटेल आउटलेट्स को नियमित आपूर्ति की जा रही है। इसलिए नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है




