समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ के लिए रेल सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए लोकसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन ही नियम 377 के द्वारा रेल मंत्री भारत सरकार से अनुरोध किये।
उन्होंने कहा कि मैं रेल मंत्री भारत सरकार को विशेष रूप से आजमगढ़ मुंबई रेल मार्ग की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करना चाह रहा हूं।उन्होंने कहा कि आजमगढ़ 46 लाख आबादी वाला कमिश्नरी मुख्यालय है,जो लगभग उद्योग शून्य क्षेत्र है। यहां के लोग रोजगार के लिए मुंबई से महानगरों की ओर पलायित होते हैं। जबकि आजमगढ़ ’ए’श्रेणी का रेलवे स्टेशन है, जहां पर 24 कोच की वाशिंग पिट और मेंटेनेंस की सुविधा उपलब्ध है,फिर भी वह पर्याप्त रेल सुविधाओं से अछूता है।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि आजमगढ़ मुंबई रेल मार्ग पर गाड़ी संख्या 20103/ 20104 मुंबई गोरखपुर सुपरफास्ट ट्रेन का आजमगढ़ तक विस्तार स्थाई कर दिया जाए।
तथा प्रस्तावित आजमगढ़ बांद्रा ट्रेन को प्रतिदिन शीघ्र शुरू कर दिया जाए। इसी तरह दिल्ली रेलवे मार्ग पर चलने वाली ट्रेन 12527/ 12528 की समय अवधि शिवगंगा एक्सप्रेस (समान सुपरफास्ट श्रेणी) के समान किया जाए, तथा इसे प्रतिदिन चलाया जाए। इसके अलावा मऊ से आजमगढ़ होकर के लखनऊ के लिए दैनिक इंटरसिटी शुरू की जाए। उन्होंने रेल मंत्री से यह भी आग्रह किया कि आजमगढ़ मुंबई मार्ग तथा दिल्ली मार्ग को प्राथमिकता देते हुए अन्य रेल सुविधाओं भी आजमगढ़ जिले के लोगों के लिए लागू की जाए।
