सैन्य सेवा के प्रतिनिधिमंडल का उपमुख्यमंत्री ने किया स्वागत, विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
लखनऊ 16 मार्च 2026
राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय रक्षा मंत्रालय नई दिल्ली के National Security and strategic studies विषय पर रक्षा क्षेत्र के सैन्य अधिकारियों, व विभिन्न देशों से पधारे सैन्य सेवा क्षेत्र के वरिष्ठ महानुभवों ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के लखनऊ कैंप कार्यालय 7- कालिदास पर उपमुख्यमंत्री से भेंटकर राज्य से जुड़े विभिन्न विकास पहलुओं तथा ग्रामीण विकास एवं औद्योगिक विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा की।
वरिष्ठ महानुभावो/सैन्य अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थलों के भ्रमण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए यहां की आर्थिक व सामाजिक स्थिति, इन्वेस्टमेंट, सुरक्षा,ग्रामीण विकास आदि के बारे में चर्चा की और विभिन्न जिज्ञासाओं का उपमुख्यमंत्री ने समाधान ने किया।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने उनका स्वागत करते हुए कहा की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक करके भारत का माथा ऊंचा किया, इसके लिए वह उनका अभिनंदन करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया सरकार की नीतियों,कृषि उत्पादन,उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण,ग्रामीण विकास, ग्रीन एनर्जी, निवेश फ्रेंडली नीतियो, कानून व्यवस्था कनेक्टिविटी आदि के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।
उप मुख्यमंत्री ने सभी का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत करते हुए विभिन्न विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आर्थिक व सामरिक दृष्टि से हर क्षेत्र में मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में गरीबी मुक्त भारत बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
अन्नदाता किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने व उनकी पैदावार बढ़ाने के साथ कैश क्रॉप व मोटे अनाजों की पैदावार बढ़ाने पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है। फल व सब्जियों के उत्पादन का पूर्ण उपयोग हो और किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिले, इसके लिए कोल्ड चैन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत रुपया 10 लाख तक बिना ब्याज और बिना गारंटी ऋण दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति 2023 के तहत प्रदेश मे अधिक से अधिक इकाइयां लगवाने की दिशा मे उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं और यूनिटो की स्थापना मे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह की दीदियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में स्वयं सहायता समूह से एक करोड़ 10 लाख महिलाएं जुड़ी हुई है, विभिन्न प्रकार की गतिविधियों से महिलाओं की आमदनी में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है।
खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाने पर 35% की सब्सिडी दी जा रही है, इसमें महिलाओं को सोलर पावर प्लांट लगाने पर 90% की सब्सिडी सोलर पर देने का प्रावधान है। कहा कि गांवो में रोजगार का सृजन हो रहा है।बीसी सखी, विद्युत सखी,कृषि आजीविका सखी आदि के रूप मे काम करके महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। देश व प्रदेश में निवेशकों के लिए आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है। सेमीकंडक्टर में उत्तर प्रदेश में बहुत प्रोत्साहन दिया जा रहा है,उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश बनेगा,तभी विकसित भारत बनेगा।
उत्तर प्रदेश की जीडीपी बढ़ाने के सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आलू उत्पादन, चीनी उत्पादन जैसे कई क्षेत्रो में उत्तर प्रदेश अग्रणी राज्यों में है।मसालो की खेती भी की जा रही है।दलहन व तिलहन का भी दायरा बढ़ा है प्रदेश में सिंचित एरिया बढ़ाने के लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। हम टेल तक ही नहीं बल्कि हर खेत तक पानी पहुंचाने की दिशा मे तेजी से काम कर रहे हैं। पानी का दुरुपयोग न होने पाए, इसलिए ड्रिप इरीगेशन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार मोटे अनाजों की खरीद भी कर रही है और सिंचन क्षमता व सिंचित एरिया में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई।दुग्ध उत्पादन में अभी प्रदेश में बहुत अधिक काम करने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा की कछार क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के माध्यम से बहुत अच्छा उत्पादन हो रहा है। कहा कि निवेश के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रदेश में कोई समस्या नहीं है, प्रदेश में पर्याप्त लैंड बैंक है।रोड कनेक्टिविटी, रेल कनेक्टिविटी, हवाई यात्रा सेवाएं बहुत बेहतर हैं। जल मार्ग भी प्रयागराज से हलदिया तक शुरू होने वाला है। विद्युत आपूर्ति,सुरक्षा और सुशासन का अनुकूल वातावरण निवेश के लिए बहुत अच्छा है। हर जिले में 100 करोड़पति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से कार्य हो रहा है।एक जिला -एक उत्पाद के अलावा अभी हाल ही में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस पर एक जिला -एक व्यंजन योजना शुरू की गई है। एकल विन्डो सिस्टम के माध्यम से निर्यातकों को सरकार सपोर्ट कर रही है।2029 तक प्रदेश की एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य है और इस दिशा मे तेजी से काम हो रहा है। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सैन्य सेवा से जुड़े आये हुये सभी महानुभावो को प्रतीक चिन्ह भेटकर सम्मानित किया।




