आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि भारत सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत वर्ष 2022 में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे से भावनात्मक जुड़ाव के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन चुका है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 2022, 2023 और 2024 में स्वतंत्रता दिवस के दिन सफलतापूर्वक मनाया गया। तिरंगे के साथ सेल्फी, प्रभात फेरी, रैलियाँ, प्रदर्शनियाँ और अन्य गतिविधियों ने इस कार्यक्रम को जन-भागीदारी का उत्सव बना दिया। यह आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि देने का अवसर भी है।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर इस वर्ष 02 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक तीन चरणों में हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जाएगा।पहला चरण 02 से 08 अगस्त, दूसरा चरण 09 से 12 अगस्त, तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त को समाप्त होगा।
पहले चरण में, जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को तिरंगे से प्रेरित कला से सजाया जाए। www.harghartiranga.com से प्रदर्शनी सामग्री डाउनलोड कर स्कूलों, सरकारी भवनों और चिन्हित स्थानों पर लगाई जाए। रंगोली, तिरंगा राखी, और सैनिकों को पत्र भेजने जैसी गतिविधियाँ भी कराई जाएँ। तिरंगा धागों से सजावट और तिरंगा बुनाई जैसे आयोजन भी हों।
दूसरे चरण में, तिरंगा महोत्सव मनाया जाएगा। इसमें एक ही दिन तिरंगा मेला और तिरंगा म्यूजिकल कांसर्ट होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, सांसद, विधायक व विशिष्ट व्यक्तियों की भागीदारी रहेगी। मेला में स्वयं सहायता समूह, एमएसएमई और ओडीओपी उत्पादों की बिक्री होगी। तिरंगे रंगों वाली वस्तुएँ भी उपलब्ध होंगी। सेल्फी बूथ और तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी होंगी। बाइक और साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड्स, खिलाड़ी और स्कूली बच्चे भाग लेंगे।
तीसरे चरण में, सभी सरकारी भवनों, स्कूलों, होटलों, कार्यालयों, बाँधों और पुलों पर ध्वजारोहण होगा। तिरंगा प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। लोगों को वेबसाइट www.harghartiranga.com पर सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कहा कि वे शासन के निर्देशों का पालन करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग करें। इस क्रम में 02 अगस्त को विकास भवन, आजमगढ़ से इस अभियान का शुभारंभ किया गया।