आजमगढ़। जिले में नकली ब्रांड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद जिले में एक अलमारी फैक्टरी पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली उत्पाद और कच्चा माल जब्त किया गया, जिसके बाद फैक्टरी को सील कर दिया गया।


जानकरी के अनुसार दिल्ली हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद जिले में त्रिवेणी अलमारी के नकली ब्रांड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। बिंद्रा बाजार स्थित बॉम्बे अलमारी फैक्टरी पर छापा मारकर सैकड़ों की संख्या में तैयार अलमारियां, कच्चा माल और ब्रांडिंग से जुड़ा सामान जब्त किया गया। इसके बाद पूरी फैक्टरी को सील कर दिया गया।
कंपनी के अनुसार, प्रसिद्ध त्रिवेणी अलमारी कंपनी ने ट्रेडमार्क उल्लंघन और उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में वाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने 18 फरवरी को सीजिंग और जांच के आदेश जारी किए थे। साथ ही लोकल कमिश्नर चेतन कुमार गिरि को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसी क्रम में बुधवार शाम गंभीरपुर थाने के एसएचओ अखिलेश कुमार सिंह और पुलिस टीम की मौजूदगी में फैक्टरी पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान त्रिवेणी ब्रांड की सैकड़ों नकली डीलक्स अलमारियां, ब्रांड नाम छापने वाली डाई, स्टीकर्स से भरे गत्ते और अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। सभी सामान को जब्त कर फैक्टरी को सील कर दिया गया।
कोर्ट ने आरोपी फैक्टरी मालिक को निर्देश दिया है कि जब्त की गई समस्त सामग्री को निर्धारित तिथि पर दिल्ली हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया जाए।
त्रिवेणी अलमारी कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह कार्रवाई ब्रांड की साख और उपभोक्ताओं के विश्वास की रक्षा के लिए आवश्यक थी। कंपनी का आरोप है कि नकली उत्पादों के जरिए बाजार में ग्राहकों को गुमराह कर ठगा जा रहा था।




