आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 154 खोए मोबाइल बरामद, 38.50 लाख के फोन मालिकों को लौटाए

National

आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 154 खोए मोबाइल बरामद, 38.50 लाख के फोन मालिकों को लौटाया गया।

आजमगढ़। जनपद में खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने फरवरी 2026 के दौरान 154 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 38.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए नागरिकों द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जाती है, जिसके आधार पर पुलिस की सीसीटीएनएस टीम मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर उसे बरामद करने की कार्रवाई करती है। इसी अभियान के तहत बरामद किए गए मोबाइल फोन आज 08 मार्च 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
मोबाइल फोन सुपुर्दगी कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने सभी मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वापस किए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने आजमगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक कुल 351 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान अब तक कुल 3179 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 7.885 करोड़ रुपये आंकी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *