उत्तर प्रदेश के साथ व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहयोग बढ़ाएगा,कनाडा

Business Politics उत्तर प्रदेश

यूपी व कनाडा के बीच शैक्षणिक एवं औद्योगिक सहयोग बढाने पर भी हुई चर्चा

लखनऊ, 18 मार्च

उत्तर प्रदेश को देश का पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने और $1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के विज़न को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार ने अपनी वैश्विक पहुँच को और विस्तार दिया है। इसी क्रम में आज, भारत में कनाडा के उच्चायुक्त माननीय क्रिस्टोफर कूटर के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना व मुख्य मंत्री के सचिव अमित सिंह ने किया ।

प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित ”इन्वेस्ट यूपी”मुख्यालय का दौरा किया, जहाँ अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) दीपक कुमार की अध्यक्षता में एक रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। इस उच्च-स्तरीय संवाद का मुख्य उद्देश्य रक्षा (Defence), नवीकरणीय ऊर्जा और शैक्षणिक नवाचार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश और कनाडा के बीच द्विपक्षीय निवेश एवं व्यापारिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।इन्वेस्ट यूपी ने बैठक के दौरान प्रदेश के सुदृढ़ निवेश इकोसिस्टम, विशाल उपभोक्ता बाजार और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे का प्रभावी प्रस्तुतीकरण दिया।

इस अवसर पर यूपी एफडीआई नीति-2023 और जीसीसी नीति-2024 जैसी प्रगतिशील नीतियों की सफलता साझा की गई, जिन्होंने वैश्विक फॉर्च्यून-500 कंपनियों को राज्य की ओर आकर्षित किया है। विशेष रूप से, छह रणनीतिक नोड्स और ब्रह्मोस मिसाइल जैसी उन्नत विनिर्माण क्षमताओं से लैस उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की प्रगति को रेखांकित किया गया,जो प्रदेश को एक प्रमुख वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करता है।इस अवसर पर उच्चायुक्त क्रिस्टोफर कूटर ने भारत-कनाडा व्यापार संबंधों को और विस्तार देने की अपार संभावनाओं पर बल दिया, जो वर्तमान में अपेक्षाकृत कम हैं।

उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन, एलएनजी/एलपीजी, क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढाने पर बल दिया, जो भारत की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं और विकसित भारत 2027 के लक्ष्य के अनुरूप हैं। साथ ही, बदलते वैश्विक परिदृश्य के बीच रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के महत्व को भी रेखांकित किया।

उन्होंने शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि कनाडा के अग्रणी शिक्षण संस्थानों और उत्तर प्रदेश के बीच साझेदारी से कौशल विकास, नवाचार और वैश्विक प्रतिभा आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

उच्चायुक्त ने उत्तर प्रदेश को कनाडा के साथ साझेदारी को और गहरा करने का आमंत्रण देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि व्यापार, तकनीकी हस्तांतरण और कौशल विकास के क्षेत्र में मजबूत सहयोग से दोनों क्षेत्रों में सतत और भविष्य उन्मुख विकास को गति मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में कर्नल स्टीफन मरे (रक्षा सलाहकार), रोहित शुक्ला (राजनीतिक एवं आर्थिक अधिकारी) और सुमेन मंडल (व्यापार आयुक्त) शामिल रहे।

बैठक में निदेशक यूपीनेडा इंदरजीत सिंह, सीईओ इन्वेस्ट यूपी विजय किरण आनंद, एसीईओ शशांक चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *