चन्द्रमा ऋषि आश्रम में बनेगा “महर्षि वाल्मीकि ईको पार्क”, 5 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया



आजमगढ़। जिले के पौराणिक व धार्मिक स्थल चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी को पर्यटन के रूप में विकसित करने की दिशा में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने पहल की है। यहां “महर्षि वाल्मीकि ईको पार्क” के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा ईको टूरिज्म परियोजना के तहत 5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
परियोजना की डीपीआर एवीएफ क्रिएटिव कंसल्टेन्सी लिमिटेड द्वारा तैयार की गई है, जिसका अप्रेजल 12 मार्च 2026 को शासन स्तर पर किया गया। प्रस्तावित ईको पार्क में गजीबो, व्यूइंग डेक, ईको कॉटेज, कैफेटेरिया, पर्यटन सूचना केंद्र, भव्य प्रवेश द्वार, म्यूरल वॉल, सोलर लाइट, योग व मेडिटेशन सेंटर, आरती स्थल, बच्चों का प्ले एरिया और पाथवे जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना से चन्द्रमा ऋषि आश्रम को प्रमुख आध्यात्मिक और ईको-टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।




