8 मार्च से था गायब था; आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस



आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मछली मार्केट के पास नदी में एक किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान नमन प्रताप सिंह पुत्र राम प्रताप सिंह निवासी सिधारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नमन प्रताप सिंह 11वीं कक्षा का छात्र था और वह 8 मार्च से घर से लापता था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। इसी बीच मंगलवार को दोपहर करीब 11 बजे सिधारी के मछली मार्केट के पास नदी में उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता राम प्रताप सिंह स्थानीय भाजपा नेता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।




