ट्रेडिंग ऐप के नाम पर डेढ़ करोड़ की साइबर ठगी, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार



आजमगढ़। ट्रेडिंग और गेमिंग ऐप के जरिए पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करीब 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, 5000 रुपये नकद, एक पैन कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, अब्दुल्ला पुत्र मंसूर अहमद, निवासी अली असद कॉलोनी थाना सिधारी, ने 8 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने “क्यूटेक्स” नामक गेमिंग/ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से पैसा दोगुना करने का लालच देकर उन्हें सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ा और लिंक भेजकर उनके व उनके परिजनों से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर ली।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना में मु0अ0सं0-11/26 के तहत धारा 318(4), 319(2), 111(4) बीएनएस और 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना टीम ने सोमवार को सेमरहा क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. हारिस (30 वर्ष) पुत्र एजाज अहमद और अबू फाजिल (28 वर्ष) पुत्र मो. खालिद, निवासी ग्राम साहरिया थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 5000 रुपये नकद, एक पैन कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक योगेन्द्र प्रसाद यादव, कांस्टेबल एजाज खान, सभाजीत मौर्य, रामाश्रय यादव और चालक कांस्टेबल महिपाल यादव शामिल




