होली-रमजान से पहले आजमगढ़ में हाई अलर्ट, डीआईजी व एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
आजमगढ़ ।नगर क्षेत्र में होली और रमजान के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। पुलिस उप-महानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस व पीएसी बल ने फ्लैग मार्च निकाला। मार्च कोतवाली से शुरू होकर महिला अस्पताल, बेस्ली, चौक, चकिया, पहाड़पुर समेत अन्य घनी व संवेदनशील आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरा।



अधिकारियों ने बाजारों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने व्यापारियों व नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा व शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा।




