प्रज्ञा राय को मिली उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ के आजमगढ़ मण्डल की कमान
एकता, समता और विकास के संकल्प के साथ शिक्षिकाओं की बुलंद आवाज बनेगा संगठन



आजमगढ़। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ ने आजमगढ़ मण्डल की अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी शिक्षिका प्रज्ञा राय को सौंपी है। इस नियुक्ति से आजमगढ़, मऊ और बलिया जनपद की शिक्षिकाओं में हर्ष का माहौल है।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुलोचना मौर्या ने कम्पोजिट विद्यालय भरौली कोकिलपार, आजमगढ़ की सहायक अध्यापक प्रज्ञा राय को प्राधिकार पत्र सौंपते हुए संगठन की विचारधारा पर चलते हुए महिला शिक्षिकाओं के हितों की रक्षा और संगठन को सशक्त बनाने का निर्देश दिया।
प्रज्ञा राय शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी रही हैं। “अपराजिता” मंच के माध्यम से वे महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान देती रही हैं। रक्तदान शिविरों में सहभागिता, सांस्कृतिक आयोजनों में भागीदारी तथा मुसहर समुदाय के उत्थान के लिए किए गए कार्यों ने उन्हें एक संवेदनशील और कर्मठ शिक्षिका के रूप में पहचान दिलाई है। कोरोना काल में हजारों जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाकर उन्होंने मानवीय सेवा की मिसाल पेश की। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है, साथ ही विभिन्न मंचों और संगठनों ने भी उन्हें सम्मान प्रदान किया है।
नवीन दायित्व मिलने पर प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए मण्डल अध्यक्ष प्रज्ञा राय ने कहा, “शिक्षक समाज का सजग प्रहरी होता है। मुझे आजमगढ़ मण्डल की शिक्षिकाओं के हक-हुकूक की आवाज उठाने की जो जिम्मेदारी दी गई है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करूंगी। संगठन समता, एकता और विकास को प्राथमिकता देते हुए महिला शिक्षिकाओं की मुखर आवाज बनेगा।”




