आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई



आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 से चार शातिर उचक्कों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से ₹1,60,000 नकद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹3.25 लाख बताई जा रही है। आरोपी ट्रेन यात्रियों के सामान पर हाथ साफ करने में माहिर बताए जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक नासिर हुसैन अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर-2 के पूर्वी छोर पर साइन बोर्ड के पास कुछ लोग यात्रियों को सस्ते दामों में सोने के आभूषण बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम शाह उर्फ चिंटू (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर), नसरुद्दीन शाह (निवासी बीबीगंज, थाना दीदारगंज), मोहम्मद अजीम (निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर) और हरिशचंद्र कुमार (निवासी दामोदरपुर, थाना मुबारकपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से ₹1.60 लाख नकद, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, एक जोड़ी छोटी बाली और एक नथुनी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेनों में सफर के दौरान उन बैगों को निशाना बनाते थे जिनमें ताला या लॉक लगा होता था। मौका मिलते ही ब्लेड से बैग की चेन काटकर उसमें रखा कीमती सामान चोरी कर लेते थे और अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो जाते थे।
आरोपियों ने यह भी कबूला कि 21 फरवरी 2026 को शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन में एक महिला यात्री के बैग से बड़ा मंगलसूत्र, दो छोटे मंगलसूत्र, एक हार, बड़ा झुमका, तीन अंगूठियां, एक पायल, एक छोटी बाली, एक नथुनी और ₹28 हजार नकद चोरी किए थे। चोरी के कुछ जेवरात पहले ही बेच दिए गए थे, जबकि शेष बेचने की फिराक में थे।




