वाहन चोरी और नकबजनी गिरोह का सक्रिय सदस्य था आरोपी



आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने वाहन चोरी और नकबजनी जैसे जघन्य अपराधों में लिप्त गैंगेस्टर एक्ट के वांछित ₹25,000 के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार 31 जनवरी 2026 को प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश की तहरीर पर थाना दीदारगंज में मु0अ0सं0 19/2026 धारा 2ख(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तगण आर्थिक लाभ के उद्देश्य से वाहन चोरी और नकबजनी जैसी वारदातों को अंजाम देकर क्षेत्र में भय का वातावरण बना रहे थे। गिरोह के अन्य नामजद अभियुक्तों में शनि गौतम और जय कुमार गौतम शामिल हैं, जबकि बीरु कुमार पुत्र फिरन्ती फरार चल रहा था। शनिवार को उ0नि0 अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त सुघरपुर बॉर्डर तिराहा पर मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बीरु कुमार (21) निवासी ग्राम आमगांव, थाना दीदारगंज बताया। सत्यापन के बाद उसे सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस हिरासत में ले लिया गया। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज प्रकरणों के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं। वह थाना दीदारगंज और सिधारी क्षेत्र में दर्ज मामलों में भी वांछित रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश, उ0नि0 अनिल कुमार सिंह, हे0का0 तेरसू यादव एवं हे0का0 अनिल कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।




