आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र की महिला को पत्रकार बनाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है।

जाफरपुर स्थित कांशीराम आवास की निवासी रिया राय ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि R.P. News 24 से जुड़े बताए जा रहे मैनेजमेंट एडिटर दीपक पाण्डेय ने उन्हें रिपोर्टर/पत्रकार बनाने का झांसा देकर कई किस्तों में रुपये वसूले।पीड़िता के अनुसार, 12 नवंबर 2025 को 7,111 रुपये, 21 नवंबर 2025 को 5,000 रुपये तथा 7 दिसंबर 2025 को 5,811 रुपये खाते में ट्रांसफर कराए गए।


इसके अतिरिक्त करीब 10,000 रुपये नगद भी लिए जाने का आरोप है।शिकायत में कहा गया है कि शुरुआत में जाफरपुर में प्रशिक्षण दिया गया और शीघ्र ज्वाइनिंग कराने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन समय बीतने के बाद न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। जब संपर्क करने की कोशिश की गई तो संबंधित व्यक्ति द्वारा फोन नंबर ब्लॉक कर दिया गया।रिया राय का कहना है कि स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं, इस संबंध में एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिली है कि पत्रकार बनाने के नाम पर लगभग 20 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से कुछ धनराशि प्राप्त भी की गई है। उन्होंने कहा कि प्राप्त तहरीर के आधार पर नियमानुसार अभियोग पंजीकृत किया जाएगा। जांच में यदि धोखाधड़ी की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




