जनसुनवाई पर सख्ती: डीएम-एसपी रोज सुबह वीसी से जुड़ेंगे, सीएम कार्यालय करेगा लाइव मॉनिटरिंग
उत्तर प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब प्रत्येक कार्यदिवस (सोमवार से शुक्रवार) सुबह 10 से 12 बजे तक सभी जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP/SSP) को अनिवार्य रूप से अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करनी होगी। इसी समय वे लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे जुड़ेंगे। यह फैसला योगी आदित्यनाथ सरकार की प्रशासनिक सख्ती और सुशासन की पहल का हिस्सा माना जा रहा है।
नई व्यवस्था के तहत अधिकारी मोबाइल फोन से नहीं, बल्कि अपने कार्यालय कक्ष से ही वीसी में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय जनसुनवाई की लाइव मॉनिटरिंग करेगा और जरूरत पड़ने पर फरियादियों से सीधे संवाद भी कर सकेगा। सरकार का उद्देश्य है कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण जिला स्तर पर ही हो, ताकि लोगों को राजधानी के चक्कर न लगाने पड़ें।



