नारी शक्ति संस्थान की ओर से नारी शक्ति सावन उत्सव-2025 का आयोजन

Entertainment उत्तर प्रदेश

आजमगढ़। सावन माह की प्राकृतिक ऊर्जा और हरियाली मन को आनंदित कर देती है। जिसे जीवंत करने के लिए नारी शक्ति संस्थान की ओर से नारी शक्ति सावन उत्सव-2025 का आयोजन नगर के रोडवेज स्थित होटल पार्क डी-लाइट के सभागार में किया गया। सावन उत्सव में सावन सुंदरी एवं मेहंदी, चूड़ी प्रतियोगिता सभी के आकर्षण का केंद्र रही। सावन के उत्सव में महिलाओं को सराबोर करने के लिए संस्थान द्वारा हरियाली युक्त माहौल तैयार कर कजरी गीत के साथ सावन के बयार में हर किसी का पैर कजरी गीतों पर थिरकने लगा। इस दौरान कइसे खेलन जइबू सावन में कजरिया, बदरिया घेर आयी ननदी, आज शिव की नगरिया में जइबे करब, दूध हम चढ़ईबय करब ना…, हमसे खेतवा में धान ना रोपाई पिया, दुखे मोर कलाई पिया ना.. आदि कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियों पर नारी शक्तियां झुमती नजर आई।

संस्था अध्यक्ष सुधा तिवारी ने कहा कि आधुनिकता के दौड़ में हमारे पारंपरिक उत्सव कजरी आदि विलुप्त होने की कगार पर है पहले गांव से लेकर शहर तक कजरी गीत सावन में सुनाई पड़ते थे लेकिन आज इन गीतों का अभाव सा हो गया है। ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति के पारम्परिक उत्सवों के संरक्षण एवं उसके विकास के लिए समर्पित है। आगे भी नारी शक्ति संस्थान अपने दायित्वों का निर्वहन करती रहेगी।

नारी शक्ति संस्थान की सचिव डॉ पूनम तिवारी ने कहा कि उत्सव हमारे जीवन मे नई ऊर्जा का संचार करते हैं। बदलते परिवेश में बहुत कुछ रीति-रिवाजों को आज बचाने की जरूरत है, इसी उदेश्य को पूर्ण करने के लिए संस्थान प्रयासरत हैं ताकि पारम्परिक उत्सव कजरी आदि का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके।

विजेताओं के नाम की घोषणा करते हुए सचिव डॉ तिवारी ने बताया कि इस बार की सावन सुंदरी वैष्णवी तिवारी बनी, खेल प्रतियोगिता में शालिनी अग्रवाल एवं इंदु चौधरी विजयी रहीं। निर्णायक मंडल में प्रियंका पांडे व श्वेता यादव रही। वहीं डॉ नेहा दुबे एवं रिंकी प्रशांत उनकी साथी टीम अर्चना वत्सल, शालिनी राय, पूनम यशपाल सिंह, अनुपमा आर तिवारी द्वारा कजरी गीत की प्रस्तुतियो से सभी मंत्रमुग्ध हो उठे।

आंगतुकों के प्रति अध्यक्षीय भाषण सुधा तिवारी एवं आगंतुकों का स्वागत अपने स्वागत भाषण के माध्यम से अर्चना वत्सल ने किया। संचालन अंशू अस्थाना ने किया। इस अवसर पर नारी शक्ति संस्थान की सभी संरक्षक, पदाधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *